Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक शातिर अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित पहले से ही कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और थाना रन्होला का घोषित बदमाश (बीसी) भी है।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने रविवार को बताया कि स्पेशल स्टाफ की टीम को इलाके में सक्रिय अपराधियों और अवैध हथियारों की सप्लाई पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार निगरानी और स्थानीय सूत्रों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
बीती रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली। जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित विपिन उर्फ रिंकू उर्फ बोना (28) को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक .315 बोर की देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर द्वारका नॉर्थ थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वह थाना रन्होला का सूचीबद्ध बदमाश है और उसे क्षेत्र से निष्कासित भी किया जा चुका है। वह पहले चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के कुल 16 मामलों में शामिल रहा है। आरोपित ने बताया कि वह नशे की लत और ऐशो-आराम की जिंदगी के लिए जल्दी पैसा कमाने की लालच में अपराध करता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी