राष्ट्रीय समुद्री दिवस पर अमित शाह ने दी शुभकामनाएं, कहा- समुद्री क्षेत्र के कर्मियों की भूमिका अहम
नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय समुद्री दिवस के अवसर पर देश के समुद्री क्षेत्र से जुड़े सभी कर्मियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों की पेशेवर क्षमता, साहस और समर्पण ने भारत की प
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की फाइल फोटो


नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय समुद्री दिवस के अवसर पर देश के समुद्री क्षेत्र से जुड़े सभी कर्मियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों की पेशेवर क्षमता, साहस और समर्पण ने भारत की प्रगति को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में अमित शाह ने समुद्री कर्मियों के अदम्य साहस की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हर परिस्थिति, चाहे शांतिकाल हो या संकट का समय राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि पूरा देश उनके सेवा भाव और समर्पण को नमन करता है।

अमित शाह ने अपने संदेश में यह भी रेखांकित किया कि भारत के समुद्री क्षेत्र की मजबूती देश की आर्थिक प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार में भारत की बढ़ती भागीदारी में समुद्री मार्गों की अहम भूमिका है, जो देश की अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करते हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय समुद्री दिवस हर वर्ष 5 अप्रैल को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1919 में भारतीय जहाज ‘एसएस लॉयल्टी’ ने मुंबई से लंदन की ऐतिहासिक यात्रा शुरू की थी, जिसे भारत के समुद्री व्यापार की शुरुआत माना जाता है।

आज भारत का लगभग 90 प्रतिशत विदेशी व्यापार (मात्रा के आधार पर) और 70 प्रतिशत (मूल्य के आधार पर) समुद्री मार्गों के जरिए होता है। देश के पास 7,500 किलोमीटर से अधिक लंबी तटीय रेखा, 12 प्रमुख बंदरगाह और 200 से अधिक छोटे एवं मध्यम बंदरगाह हैं, जो व्यापार, लॉजिस्टिक्स और आर्थिक विकास को निरंतर गति प्रदान कर रहे हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर