Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किशनगंज, 05 अप्रैल (हि.स.)ठाकुरगंज में इन दिनों घुसपैठिया बयान को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर शुरू हुई बहस अब सियासी रंग ले चुकी है। जदयू प्रखंड अध्यक्ष बीरेंद्र प्रसाद सिंह ने डॉ. आसिफ सईद के बयान पर कड़ा पलटवार किया है।
बीरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि डॉक्टर को अपने पेशे पर ध्यान देते हुए लोगों की सेवा करनी चाहिए, न कि अनावश्यक राजनीतिक टिप्पणियां करनी चाहिए। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, जिनके खुद के मकान शीशे के होते हैं, उन्हें दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकना चाहिए।
उन्होंने आगे चेतावनी भरे लहजे में कहा कि डॉ. आसिफ शाहिद का अस्पताल किस तरह चलता है और वहां क्या-क्या गतिविधियां होती हैं, यह सबको पता है। साथ ही आयुष्मान कार्ड योजना को लेकर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कितने लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिल रहा है, इसकी जांच समय आने पर कराई जा सकती है।दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर डॉ. आसिफ सईद ने बयान देते हुए कहा था कि कौन कहता है घुसपैठियों ने माहौल खराब किया है, लोग तो कह रहे हैं कि माहौल आपने खराब किया है।
उन्होंने यह भी कहा था कि चुनाव से पहले सभी लोगों के कागजात की जांच की गई थी और सभी सही पाए गए थे, तो फिर घुसपैठियों का मुद्दा कहां से उठाया जा रहा है। डॉ. सईद ने अपने बयान में यह भी आरोप लगाया था कि कुछ लोग जानबूझकर माहौल खराब कर रहे हैं और एक खास समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने ब्लॉक और अंचल स्तर पर हो रही कथित धांधली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे सभी धर्मों के लोग प्रभावित हो रहे हैं और आम जनता को राहत दिलाने की दिशा में काम करने की जरूरत है। फिलहाल, दोनों पक्षों के बीच जारी बयानबाज़ी से इलाके की राजनीति गर्मा गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह