चार नाबालिग बच्चों को खोजकर परिवार से मिलाया
नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने चार नाबालिग लापता/अपहृत बच्चों को अलग-अलग स्थानों से सकुशल खोजा है। इनमें दो बच्चे घर से भागकर शादी करने के मामले में शामिल पाए गए, जबकि दो अन्य पारिवारि
पुलिस का लोगो


नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने चार नाबालिग लापता/अपहृत बच्चों को अलग-अलग स्थानों से सकुशल खोजा है। इनमें दो बच्चे घर से भागकर शादी करने के मामले में शामिल पाए गए, जबकि दो अन्य पारिवारिक समस्याओं के चलते घर छोड़कर चले गए थे। पुलिस ने इस दौरान एक संदिग्ध को भी हिरासत में लिया है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि पहला मामला भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र का है, जहां 16 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि वह एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी और दोनों ने मंदिर में शादी कर ली थी। पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर दोनों को समयपुर बादली के लिबासपुर इलाके से खोज निकाला।

वहीं दूसरा मामला प्रेम नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। जहां 15 वर्षीय किशोरी लापता हो गई थी। जांच में पता चला कि वह भी अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी और दोनों ने विवाह कर लिया। पुलिस ने उसे मुकंदपुर इलाके से तलाशा और स्थानीय पुलिस को सौंपा।

इसी क्रम में तीसरा और चौथा मामला नजफगढ़ थाना क्षेत्र का है। जहां 16 वर्षीय किशोरी और 15 वर्षीय किशोर दोनों लापता थे। जांच में खुलासा हुआ कि दोनों पढ़ाई और पारिवारिक दबाव के चलते घर छोड़कर चले गए थे। दोनों गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित महाराजपुर इलाके में किराए के कमरे में रह रहे थे, जहां से पुलिस ने उन्हें खोज निकाला।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की टीम ने इन मामलों में लगातार तकनीकी निगरानी, स्थानीय सूचना और पूछताछ के जरिए सुराग जुटाए और सभी बच्चों को सुरक्षित ढूंढ निकाला। बरामद बच्चों को संबंधित थानों के जांच अधिकारियों को सौंप दिया गया है, जो आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी