छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, अगले पांच दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी
रायपुर 05 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में शनिवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में हुई इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं रायपुर सह
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम फाइल फाेटाे


रायपुर 05 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में शनिवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में हुई इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं रायपुर सहित धमतरी, दुर्ग और आसपास के इलाकों में रविवार सुबह से हल्की बारिश का क्रम जारी है। मौसम में इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के रायपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार और बालोद जिला सहित आस-पास के क्षेत्राें में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही उत्तर एवं मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की व्यक्त की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश की गतिविधियां सबसे ज्यादा बस्तर संभाग में देखने को मिलेंगी।मौसम विभाग अनुसार पाकिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। साथ ही बिहार से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक हवा में एक दबाव की रेखा बनी हुई है। छत्तीसगढ़ के ऊपर भी हवा का एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है, जो दक्षिण भारत (तमिलनाडु) से नमी खींच रहा है। इन सभी वजहों से वातावरण में नमी बढ़ गई है और बादल छाने लगे हैं।

मौसम विभाग ने बताया है कि 7 अप्रैल को एक और नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत में दस्तक देगा। इसका असर आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ेगा, जिससे फिलहाल भीषण गर्मी की वापसी की संभावना कम है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह बदलाव अस्थायी है, लेकिन इससे तापमान में कमी आएगी और आगामी दिनों में गर्मी की तीव्रता कुछ कम रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों से दूर रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल