Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बिश्वनाथ (असम), 05 अप्रैल (हि.स.)। लाेकसभा सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को असम के बिश्वनाथ में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और एक दिन ऐसा आएगा जब उन्हें असम की जनता के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगनी पड़ेगी।
अपने भाषण की शुरुआत में राहुल गांधी ने असम की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि श्रीमंत शंकरदेव, अजान फकीर, जुबीन गर्ग और तरुण गोगोई की है। उन्होंने कहा कि जुबीन गर्ग ने हमेशा समाज को जोड़ने का काम किया और कभी किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए उन्हाेंने आरोप लगाया कि असम को एटीएम की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। राज्य की जमीन उद्योगपतियों जैसे गौतम अडानी और बाबा रामदेव को दी जा रही है, जबकि यह जमीन असम के लोगों और किसानों की है।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प जब चाहें प्रधानमंत्री मोदी का राजनीतिक करियर खत्म कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने नरेन्द्र मोदी और अमित शाह पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।
राहुल गांधी ने भाजपा पर छह समुदायों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने के वादे को पूरा न करने का भी आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर इस वादे को पूरा करेगी।
सभा में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने स्वागत भाषण दिया। राहुल गांधी ने महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता, छोटे व्यवसायों के लिए 50 हजार रुपये की एकमुश्त मदद, 10 लाख परिवारों की जमीन का नियमितीकरण और 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने का वादा किया।
अंत में उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि उनकी सोच असम की सांस्कृतिक विरासत और एकता को मजबूत करने की है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश