जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें : डीएम
किशनगंज, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि किशनगंज में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। रविवार को जिलाधिकारी विशाल र
जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें : डीएम


किशनगंज, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि किशनगंज में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। रविवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।डीएम के अनुसार वर्तमान में जिले में 7,698 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडरों का स्टॉक मौजूद है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था भी पहले की तरह चालू है।उपभोक्ता घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।

प्रशासन ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बुकिंग की समय-सीमा भी तय की है। शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग कर सकेंगे। इससे गैस की उपलब्धता को संतुलित बनाए रखने में मदद मिलेगी। कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। डीएम ने बताया कि धावा दल द्वारा नियमित रूप से छापेमारी की जा रही है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। एलपीजी गैस से संबंधित शिकायतों के लिए दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी किया गया है। प्रशासन के अनुसार आज एलपीजी से संबंधित एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसका समय पर निष्पादन कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है और अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति लगातार सामान्य बनी रहेगी।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह