Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। बालेसर क्षेत्र के विजय नगर और खुडियाला में लगातार हो रहे अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया और खनन माफियाओं को मौके से खदेड़ दिया। ग्रामीणों ने कई बार खनन विभाग को अवैध खनन की शिकायत की थी, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर अवैध खनन हो रहा है, वहां नाडियां, तालाब और कई महत्वपूर्ण पेड़-पौधे हैं, जिनका पर्यावरणीय महत्व है। इसके बावजूद प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने खनन विभाग बालेसर को लिखित रूप में आवेदन देकर मामले की गंभीरता से अवगत भी कराया था, लेकिन कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई।
आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और अवैध खनन कर रहे माफियाओं को वहां से बाहर खदेड़ दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि अवैध खनन से पर्यावरण, नाडियां, तालाब, सडक़ें और स्थानीय संसाधनों को गंभीर नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश