Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सागर, 30 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिला पुलिस द्वारा अवैध नशीले पदार्थों और शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत बीना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार को पुलिस ने एक सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है।
बीना थाना पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि खिमलासा बायपास रोड से बीना की ओर एक कार में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और नाकेबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध कार दिखाई दी, चालक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस टीम की तत्परता के आगे उसकी एक न चली। रेलवे अंडर ब्रिज के पास साईं धाम कॉलोनी में घेराबंदी कर पुलिस ने वाहन को सफलतापूर्वक रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर कार के भीतर 600 पाव (कुल 108 बल्क लीटर) अवैध शराब छिपाई गई थी। आरोपी की पहचान रंजीत अहिरवार (24 वर्ष), निवासी सागर नाका, खुरई के रूप में हुई है। 600 पाव शराब (कीमत ₹60,000) और मारुति स्विफ्ट कार (कीमत ₹3,00,000),बरामद की गई। आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे