Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

केदारनाथ, 30 अप्रैल (हि. स.)। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ के बीच केदारनाथ धाम में नगर पंचायत ने स्वच्छता अभियान चलाकर यात्रा के पहले ही सप्ताह में करीब एक हजार किलो प्लास्टिक वेस्ट एकत्रित कर उसे कॉम्पेक्ट किया है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नीरज कुकरेती ने बताया कि एकत्रित प्लास्टिक को कॉम्पेक्टर मशीन से 30-40 किलो की गठरी में बदला जा रहा है, जिसे बाद में बेचा जाएगा। इससे नगर पंचायत को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त होगा। कांच, टिन और अन्य कबाड़ को भी संग्रहित कर आगे सोनप्रयाग में निस्तारित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन दो शिफ्ट में सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसके लिए 55 सफाई कर्मी तैनात हैं। यात्रा मार्ग पर भी अलग संस्था के माध्यम से सफाई सुनिश्चित की जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में स्वच्छता बनी हुई है।
उन्हाेंने बताया कि यह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘ग्रीन चारधाम यात्रा’ पहल का प्रत्यक्ष परिणाम है। नगर पंचायत ने 3 हजार वर्गफीट क्षेत्र में मैटीरियल रिकवरी फैसिलिटी स्थापित की गई है, जहां प्लास्टिक सहित अन्य ठोस कचरे को 15 अलग-अलग श्रेणियों में छांटा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय