Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कठुआ, 30 अप्रैल (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बसोहली में कॉलेज न्यूजलैटर “विश्वस्थली” के तीसरे अंक का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बसोहली के विधायक दर्शन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. राज किरण शर्मा विशिष्ट अतिथि रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि व प्रिंसिपल द्वारा दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर की गई। न्यूजलैटर के संपादक डॉ. शुभ कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए तीसरे अंक की थीम, सामग्री और इसके शैक्षणिक व सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। अपने संबोधन में प्रिंसिपल प्रो. राज किरण शर्मा ने कहा कि ऐसे प्रकाशन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आलोचनात्मक सोच और अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने प्रकाशन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को इस तरह के मंचों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद मुख्य अतिथि और प्रिंसिपल ने वरिष्ठ संकाय सदस्यों व प्रकाशन समिति की मौजूदगी में “विश्वस्थली” के तीसरे अंक का औपचारिक विमोचन किया। मुख्य अतिथि विधायक दर्शन कुमार ने कॉलेज को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रकाशन विद्यार्थियों और शिक्षकों की प्रतिभा को उजागर करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने और ऐसे मंचों का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी। समारोह में कॉलेज के कई प्राध्यापक व शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहे। अंत में डॉ. वरिंदर सिंह ने मुख्य अतिथि का धन्यवाद ज्ञापित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया