बलरामपुर : पीएम जनमन योजना से पहाड़ी कोरवा अंचल में बदलाव की बयार
बलरामपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)।बलरामपुर जिले के दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में अब विकास की नई तस्वीर उभर रही है। पीएम जनमन योजना के तहत बने बहुउद्देशीय केंद्रों ने पहाड़ी कोरवा समुदाय तक स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सेवाओं की पहुंच आसान कर दी है। प्रधानम
फाइल फोटो।


बलरामपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)।बलरामपुर जिले के दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में अब विकास की नई तस्वीर उभर रही है। पीएम जनमन योजना के तहत बने बहुउद्देशीय केंद्रों ने पहाड़ी कोरवा समुदाय तक स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सेवाओं की पहुंच आसान कर दी है।

प्रधानमंत्री की मंशा और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में जिले में ठोस पहलें जमीन पर उतरती नजर आ रही हैं। पीएम जनमन योजना के तहत दूरस्थ बसाहटों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करते हुए बहुउद्देशीय केंद्रों का निर्माण कराया गया है, जो अब ग्रामीणों के लिए सुविधा और सशक्तिकरण के केंद्र बन चुके हैं।

योजना के प्रथम चरण में विकासखंड शंकरगढ़ के पोड़ीखुर्द ग्राम पंचायत अंतर्गत आमाकोना बसाहट और कुसमी विकासखंड के भुलसी खुर्द ग्राम पंचायत अंतर्गत ढोढाचापी बसाहट में दो बहुउद्देशीय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों की विशेषता यह है कि एक ही भवन में उप स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक कक्ष की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे ग्रामीणों को अलग-अलग सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ता।

इन केंद्रों के माध्यम से वर्तमान में लगभग 68 बच्चों को नियमित पोषण आहार दिया जा रहा है, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास में सुधार हो रहा है। साथ ही गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं को भी पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की स्थिति में सकारात्मक बदलाव देखा जा रहा है।

दोनों बसाहटों में कुल 155 परिवार निवासरत हैं, जिनमें 50 परिवार पहाड़ी कोरवा समुदाय के हैं। पहले जहां स्वास्थ्य जांच और पोषण सेवाओं के लिए दूरदराज जाना पड़ता था, वहीं अब ये सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।

ग्रामीणों का कहना है कि इन बहुउद्देशीय केंद्रों के निर्माण से बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद जगी है। यहां समय-समय पर सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जहां विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई जाती है।

जिला प्रशासन का मानना है कि पीएम जनमन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से पहाड़ी कोरवा समुदाय के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है। यह पहल शासन की उस प्राथमिकता को भी दर्शाती है, जिसके तहत अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय