Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हैदराबाद, 30 अप्रैल (हि.स.)। तेलंगाना राज्य में रह रहे उत्तर भारतीय प्रवासियों के लिए रेल यात्रा को सुगम बनाने के केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी की पहल पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल कनेक्टीविटी बढ़ाने के एक्सपर्ट कमेटी को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, हाल ही में हैदराबाद के बिहार समाज सेवा संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय चेयरमैन राजू ओझा के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी से मुलाकात कर सिकंदराबाद से पटना, वाराणसी और रांची के लिए नई ट्रेनें चलाने और वर्तमान में चल रही ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की मांग की
थी। इस पर केंद्रीय कोयला मंत्री रेड्डी ने अप्रैल के प्रथम सप्ताह में रेल मंत्री को पत्र लिखकर तेलंगाना से बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के बीच रेल संपर्क मजबूत करने का आग्रह किया था।
इसी पत्र का संज्ञान लेते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 16 अप्रैल को जवाबी पत्र जारी किया है। रेल मंत्री ने पत्र में स्पष्ट किया है कि प्रवासियों और तीर्थयात्रियों की इस मांग पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इस प्रस्ताव को तकनीकी जांच और व्यवहार्यता के लिए एक्सपर्ट कमेटी के पास भेज दिया गया है। मांग के अनुरूप उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। रेल मंत्रालय की इस पहल पर बिहार समाज सेवा संघ ने खुशी जाहिर की है।
बिहार समाज सेवा संघ के राष्ट्रीय चेयरमैन राजू ओझा ने केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय तेलंगाना में रहने वाले लाखों प्रवासी मजदूरों, कामगारों और तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। राजू ओझा ने कहा कि हमें उम्मीद है कि एक्सपर्ट कमेटी की रिपोर्ट के बाद जल्द ही नई ट्रेनों की घोषणा होगी, जिससे उत्तर भारत जाने वाले यात्रियों को लंबी वेटिंग लिस्ट और असुविधा से निजात मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj