Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


गुवाहाटी, 30 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा प्रारंभ किए गए पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत गुरुवार को असम प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में लगभग 150 वरिष्ठ कार्यकर्ता और संसाधन व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने संगठनात्मक मजबूती और वैचारिक स्पष्टता को लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया। पार्टी प्रवक्ता कमल कुमार मेधी ने बताया कि यह प्रशिक्षण सत्र आगामी जिला स्तरीय कार्यशालाओं के लिए वक्ताओं को तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है, ताकि पार्टी की विचारधारा का व्यापक प्रसार सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी “नेशन फर्स्ट, पार्टी सेकेंड, सेल्फ लास्ट” के मूल मंत्र पर आधारित संगठन है, जहां व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए कोई स्थान नहीं है। पार्टी के कार्यकर्ता पंच निष्ठा के सिद्धांतों का पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश तथा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और उन्हें प्रेरित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश