Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। राहुल गांधी के पुतले लगातार जलाए जा रहे हैं लेकिन पुलिस कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। यह स्थिति कानून व्यवस्था के प्रति उदासीनता और एकतरफा रवैये को दर्शाती है। यदि हमारे कार्यकर्ता ऐसा करते हैं तो तुरंत कार्रवाई होती है, लेकिन यहां अलग व्यवहार किया जा रहा है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और निष्पक्ष व्यवस्था पर प्रश्न खड़ा करता है। सभी के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित होना चाहिए। यह बातें गुरुवार को कांग्रेस जिला अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कही।
कानपुर महानगर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में आज कांग्रेस जनों ने पुलिस आयुक्त को शिकायत पत्र सौंपा। इसमें राहुल गांधी के पुतले जलाने की घटनाओं पर कार्रवाई न होने का विरोध जताया गया।
शिकायत पत्र में कहा गया कि शहर में लगातार राहुल गांधी के पुतले जलाए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है, जिससे एकतरफा कार्रवाई की स्थिति बन रही है।
कांग्रेस की ओर से मांग की गई कि या तो सभी के खिलाफ समान रूप से मुकदमा दर्ज किया जाए या फिर ऐसी कार्रवाई किसी के खिलाफ न हो। साथ ही यह भी कहा गया कि पुलिस किसी प्रकार का पक्षपात न करे और कानून का समान रूप से पालन सुनिश्चित करे।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि इस प्रकार की स्थिति जारी रहती है तो कांग्रेस भी अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत पुतला दहन करने को बाध्य होगी।
इस दौरान मानेश दीक्षित, पदम मोहन मिश्रा, हरीश बाजपई, अजय श्रीवास्तव, बृजेश गुप्ता, उत्कर्ष दीक्षित आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप