Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। क्रीड़ा भारती द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किए जा रहे कबड्डी खेल महोत्सव के अंतर्गत जोधपुर महानगर में भी कबड्डी प्रतियोगिता एवं खेल अभियान का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन कार्यक्रम एयरफोर्स स्थित शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय, केंद्रीय विद्यालय 1 एवं 2 सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित हुआ, जहां खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला।
क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर के अध्यक्ष वरूण धनाडिया ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2036 में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों में कबड्डी को शामिल कराने जन-जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि भारत द्वारा वर्ष 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए प्रस्तुत दावेदारी को मजबूत बनाने में ऐसे खेल आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इस आयोजन के अंतर्गत शहरभर में 9 खेल मैदान तैयार किए गए, जहां लगभग दो सौ टीमों के मध्य रोमांचक मुकाबले आयोजित हुए। विभिन्न स्थानों पर विजेता रहने वाली टीमों को आगामी अंतिम समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में गोपाराम, प्रदीप, रमेश, चतर्भुज, बृजपाल सिंह, लोकेंद्र सिंह, सुभाष बिश्नोई, भंवर पालीवाल, महेंद्र नानण, लुनेश खींची, शेर सिंह, सुमेर, पुष्पा गहलोत सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।
महानगर सचिव नीरज कौशिक ने बताया कि आयोजन में प्रांत अध्यक्ष पृथ्वीराज जोधा, प्रांत सचिव ओमप्रकाश पुरोहित, कबड्डी कॉर्डिनेटर अग्राराम चौधरी, प्रवीण मेढ़ सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश