Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

महानगर के प्रमुख मार्गों पर जलभराव, 40 मिनट की बारिश ने खोली निकासी व्यवस्था की पोल
43 से लुढ़ककर 29 डिग्री पर पहुंचा पारा
झांसी, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में भीषण गर्मी से जूझ रहे शहरवासियों को गुरुवार शाम राहत मिली, जब करीब 40 मिनट तक हुई झमाझम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। तेज बारिश के चलते जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।
बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं बारिश के बाद गुरुवार को तापमान गिरकर 29 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम में आई इस अचानक तब्दीली से लोगों ने राहत की सांस ली। बाजारों और सड़कों पर लोग मौसम का आनंद लेते नजर आए।
हालांकि तेज बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के चलते ट्रैफिक की रफ्तार भी धीमी हो गई और कई जगह जाम जैसी स्थिति बनी रही।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. मुकेश चंद्र ने बताया कि वातावरण में नमी बढ़ने और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव आया है। उन्होंने संभावना जताई कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है और शुक्रवार को पारा करीब 05 डिग्री और कम हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया