Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के भगवती अस्पताल के पास हुई एक अज्ञात महिला की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस घटना को गढवा की दंपति ने अंजाम दिया था। पुलिस ने इस सिलसिले में महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका पति फरार है। घटना को मोबाइल, 1000 बकाया और पति के साथ नजदीकी के कारण अंजाम दिया गया था। मामला देह व्यापार से भी जुड़ा हुआ है।
महिला की अबतक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पहचान का दावा करती है, लेकिन उसकी पुष्टि होनी बाकी है। आरोपित महिला भी उसकी पहचान नहीं बता पा रही है। पुलिस मृतका की पहचान के लिए सीआईजी प्रकाशन करवाएगी।
उल्लेखनीय है कि अज्ञात महिला की हत्या 22 अप्रैल की रात में हुई थी और शव को दो दिनों तक कमरे में बंद करके रखा गया था। 24 अप्रैल की रात्रि में उसे ठिकाने लगाया गया और भगवती अस्पताल की चाहरदीवारी तक ले जाकर छोड़ दिया गया था। इसके बाद दोनों पति-पत्नी फरार हो गए। 25 अप्रैल की सुबह अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। मामले में जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था।
गुरूवार को डीएसपी सदर राजीव रंजन ने इस घटना का खुलासा करते हुए बताया कि घटनास्थल पर मिले साक्ष्य के आधार पर अनुसंधान तेज किया गया और सामने आया कि गढ़वा के डंडई थाना क्षेत्र के बालेखाड़ के दंपति उपेंद्र कुमार गौतम उर्फ रोहित कुमार उर्फ उपेंद्र कुमार और उसकी पत्नी चंदा देवी ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। छापेमारी के क्रम में चंदा देवी को गिरफ्तार किया गया और उसके बयान के आधार पर मामले को स्पष्ट किया गया। दोनों पति-पत्नी रेड़मा में उत्तम दुबे के मकान में किराए पर रहते थे।
पुलिस की पूछताछ में चंदा देवी ने बताया कि वह अपने पति के साथ मिलकर महिलाओं को घर लाकर उनसे देह व्यापार करवाती थी। 22 अप्रैल को चंदा ने देह व्यापार के लिए लाई गई महिला से पहले लिए गए मोबाइल और 1000 रुपये वापस मांगे। इस बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर महिला की हत्या कर दी।
वहीं फरार आरोपित उपेन्द्र कुमार गौतम का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ गढ़वा के रंका, डंडई, रमकंडा और पलामू के रामगढ़ में आर्म्स एक्ट, अपहरण और पॉक्सो एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ राजीव रंजन, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार