बिकुवादाग में 01 मई को लगेगा ऐतिहासिक मंडा मेला
खूंटी, 30 अप्रैल (हि.स.)। कर्रा प्रखंड के उडिकेल पंचायत अंतर्गत बिकुवादाग गांव में आयोजित होने वाला पारंपरिक वैशाख पूर्णिमा मंडा मेला इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। शुक्रवार की रात्रि मेले का मुख्य आकर्षण तमाड़ क्षेत्र का सुप्रसि
Bikuwadag


खूंटी, 30 अप्रैल (हि.स.)। कर्रा प्रखंड के उडिकेल पंचायत अंतर्गत बिकुवादाग गांव में आयोजित होने वाला पारंपरिक वैशाख पूर्णिमा मंडा मेला इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। शुक्रवार की रात्रि मेले का मुख्य आकर्षण तमाड़ क्षेत्र का सुप्रसिद्ध छऊ नृत्य होगा। जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे। इसके साथ ही पट भक्ता दुलार चंद महतो के नेतृत्व में 121 भक्तों की ओर से पारंपरिक लपरा भंजाई, धुंआ-सुंआ अनुष्ठान और 121 भक्तों और 121 सोकताइन की ओर से फुलकुंदी रस्म निभाया जाएगा, जो मेले की आस्था और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाएंगे। मेला समिति के अनुसार इस वर्ष 121 श्रद्धालुओं ने विभिन्न गांवों से भाग लेकर मंडा में प्रवेश किया है। सभी भक्त विधि-विधान और परंपराओं का पालन करते हुए धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होंगे।

वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला स्थल पर सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किया गया है। ताकि लोग सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें। शनिवार को झुलन कार्यक्रम के साथ दो दिवसीय मेले का समापन होगा। डहकेला पंचायत के तिलमी गांव में भी मंडा मेले का आयोजन किया जाएगा, जहां स्थानीय लोग पूरे उत्साह के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन करेंगे। यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा