Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जगदलपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। शासकीय सेवा की एक लंबी और कर्तव्यनिष्ठ यात्रा पूरी कर सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए कलेक्टोरेट के ‘प्रेरणा कक्ष’ में गुरूवार को एक गरिमामयी विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर आकाश छिकारा ने सेवानिवृत्ति प्राप्त कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं देते हुए शॉल और श्रीफल से सम्मानित किया।
उपस्थित सभी लोगों ने अपने साथियों के सफल कार्यकाल की सराहना की और उनके सुखद व स्वस्थ भविष्य की कामना करते हुए उन्हें ससम्मान विदा किया। कुल 23 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को इस अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई।
कलेक्टर ने प्रशासन की संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को उसी समय पेंशन भुगतान आदेश और अन्य उपादानों का लाभ प्रदान किया, ताकि सेवा के बाद उनकी आगामी राह सुगम हो सके। कलेक्टर ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों का पूरा लेखा-जोखा तैयार रख उन्हें सेवा के अंतिम दिन ही लाभान्वित करने के लिए वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अनिल कुमार पाठक की विशेष प्रशंसा भी की।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने समारोह को संबोधित करते हुए भावुक होकर कहा कि आप सभी ने विभिन्न विभागों में रहते हुए अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय लोक सेवा और जनहित के कार्यों में व्यतीत किया है, जिसके लिए प्रशासन और जनता सदैव ऋणी रहेगी। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि शासकीय सेवा से निवृत्ति केवल एक औपचारिक पड़ाव है, आपके पास जो अनुभव, कौशल और ज्ञान का भंडार है, उसकी आवश्यकता अब भी समाज को है। उन्होंने आग्रह किया कि सेवानिवृत्ति के बाद की इस नई पारी में सभी कर्मी अपने अनुभवों का लाभ समाज के उत्थान और लोगों के कल्याण के लिए अवश्य प्रदान करें। इस दौरान वरिष्ठ कोषालय अधिकारी सहित कोषालय विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के परिजनों ने भी शिरकत की, जिनकी उपस्थिति ने इस विदाई समारोह को और भी अधिक स्मरणीय और आत्मीय बना दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे