बलरामपुर : “शुद्ध दवा, सही आहार” अभियान के तहत बलरामपुर में मेडिकल स्टोर्स पर सख्त जांच, 15 दिन तक चलेगा अभियान
बलरामपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)।छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर बलरामपुर जिले में दवा और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच अभियान तेज कर दिया गया है। प्रशासन की टीम लगातार मेडिकल और कॉस्मेटिक दुकानों का निरीक्षण कर रही है। “शुद्ध द
कार्यक्रम की तस्वीर।


बलरामपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)।छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर बलरामपुर जिले में दवा और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच अभियान तेज कर दिया गया है। प्रशासन की टीम लगातार मेडिकल और कॉस्मेटिक दुकानों का निरीक्षण कर रही है।

“शुद्ध दवा, सही आहार यही है छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा 15 दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में शुरू हुआ यह अभियान 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

अभियान के तहत अब तक प्रशासनिक टीम ने जिले में कुल 6 कॉस्मेटिक दुकानों, 5 थोक औषधि विक्रेताओं और 11 खुदरा मेडिकल स्टोर्स की जांच की है। जांच के दौरान रामानुजगंज और बलरामपुर क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों को शामिल किया गया, जहां दवा और कॉस्मेटिक सामग्री के भंडारण, बिक्री और दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में क्रय-विक्रय बिलों की जांच की और यह सुनिश्चित किया कि सभी औषधियां केवल पंजीकृत थोक विक्रेताओं से ही खरीदी जा रही हों। साथ ही औषधि अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए। जिन दुकानों में दस्तावेजों में कमी या प्रक्रिया में लापरवाही पाई गई, उन्हें सुधार के लिए चेतावनी दी गई है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में दवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यह अभियान न केवल अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए है, बल्कि उपभोक्ताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से भी चलाया जा रहा है।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल पंजीकृत मेडिकल स्टोर्स से ही चिकित्सक की पर्ची के आधार पर दवाएं खरीदें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या शिकायत की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिले में स्वास्थ्य सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे आम लोगों को सुरक्षित उपचार और भरोसेमंद दवाएं मिल सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय