Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखनऊ, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुजरात एवं महाराष्ट्र राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त देशवासियों और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने इन राज्यों की समृद्धि, विकास और खुशहाली की कामना की है।
राज्यपाल ने कहा है कि गुजरात एवं महाराष्ट्र दोनों ही राज्य अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, संत परंपरा तथा सामाजिक-सांस्कृतिक विविधता के लिए देशभर में विशिष्ट पहचान रखते हैं। इन राज्यों ने उद्योग, व्यापार, कृषि, शिक्षा तथा राष्ट्र निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देकर भारत की प्रगति को नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस का यह पावन अवसर हमें इन राज्यों के गौरवशाली इतिहास, महान विभूतियों के आदर्शों तथा एकता, परिश्रम और समर्पण की भावना को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। यह दिवस हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित करता है।
राज्यपाल ने सभी से आह्वान किया कि हम इन राज्यों की समृद्ध परंपराओं एवं मूल्यों को आत्मसात करते हुए देश के समग्र विकास में अपना सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कामना की कि यह पावन अवसर सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय