Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के प्रचार-प्रसार के लिए जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। अभियान के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है।
इसी क्रम में पंचायत समिति लूणी की ग्राम पंचायत साजदा खुर्द में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी कालूराम एवं रामनिवास ने अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य ग्रामीणों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि योजना से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, आज उनका पक्का मकान उन्हें संरक्षित एवं आत्मसम्मान की अनुभूति करता है। दोनों लाभार्थियों ने सरकार की जनहितकारी सोच के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं आमजन के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
अभियान के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी गांव-गांव पहुंचकर आमजन को योजनाओं की जानकारी प्रदान कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरणा मिल रही है। इसी क्रम में पंचायत समिति बावड़ी की ग्राम पंचायत मानसागर में आयोजित ग्राम रथ अभियान के दौरान कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री केन्द्रीय प्रवर्तन योजना के अंतर्गत किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए, जिससे उन्हें अपनी भूमि की गुणवत्ता के अनुसार बेहतर खेती करने में सहायता मिल सके।
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि एक मई को लूणी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पंचायत समिति लूणी की ग्राम पंचायत कांकाणी, शिकारपुरा, लूणी, धांधिया एवं सतलाना से ग्राम रथ रवाना किए जाएंगे। इसी क्रम में बिलाड़ा विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति लूणी की ग्राम पंचायत लोलावास, भटिण्डा एवं बिरामी से ग्राम रथ संचालित होंगे। भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति मण्डोर की ग्राम पंचायत सालवा कल्ला, दाईकड़ा, जाजीवाल गहलोतां, जाजीवाल खिचियां एवं जाजीवाल कल्ला से तथा ओसियां विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति तिंवरी की ग्राम पंचायत गगाड़ी, पांचला खुर्द, चंडालिया एवं जेलू से ग्राम रथ पहुंचेंगे। इसके अतिरिक्त शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति शेरगढ़ की ग्राम पंचायत सोमेसर, पुगलिया, किशोरनगर, पदमगढ़, देवराजगढ़, सोलंकियातला एवं बापूनगर से भी ग्राम रथ संचालित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश