Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देहरादून, 30 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में चल रही चारधाम यात्रा के प्रबंधन को लेकर संतोष जताते हुए विपक्ष के आरोपों को पूरी तरह राजनीतिक करार दिया है। पार्टी ने दावा किया कि यात्रा का आगाज सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल तरीके से हुआ है तथा आगामी पीक सीजन के लिए भी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने गुरुवार शाम जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क सुरक्षा और आवास-भोजन सहित सभी व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है, जिसके चलते इस वर्ष यात्रा की शुरुआत से ही श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।
भाजपा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर यात्रा को लेकर नकारात्मक माहौल बनाने का आरोप लगाया। पार्टी का कहना है कि विपक्ष अपनी 'पुरानी कार्यशैली' के तहत झूठ और भ्रम फैलाने में लगा है, जिससे राज्य की छवि को नुकसान पहुंच सकता है।
भट्ट ने कहा कि विपक्ष के लिए मिशन 2027 की राजनीति, प्रदेश हित से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है, जबकि सरकार और संगठन की प्राथमिकता सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है।
भाजपा के अनुसार, यात्रा के खिलाफ दुष्प्रचार से स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और युवाओं के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। पार्टी ने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसे बदनाम करने के प्रयास अनुचित हैं। पार्टी ने विपक्ष से अपील की कि वे विकास और जनहित के कार्यों में सहयोग करें और यात्रा के सफल संचालन में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय