Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। बलरामपुर जिले में शासकीय कार्यालयों के लिए कंप्यूटर सामग्री खरीद को लेकर पुनः निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पूर्व निविदा निरस्त होने के बाद अब इच्छुक विक्रेताओं को नया अवसर दिया गया है।
जिले में वर्ष 2026-27 के दौरान शासकीय विभागों में उपयोग के लिए कंप्यूटर सामग्री की खरीद हेतु प्रशासन ने पुनः निविदा आमंत्रित की है। पूर्व में 21 अप्रैल 2026 को खोली गई निविदा में केवल एक ही प्रस्ताव प्राप्त होने के कारण उसे निरस्त कर दिया गया था।
प्रतिस्पर्धात्मक प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए अब नई निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार इच्छुक एवं पात्र कंप्यूटर विक्रेता अपनी सीलबंद निविदाएं 14 मई 2026 को दोपहर 3:00 बजे तक अधीक्षक, जिला कार्यालय बलरामपुर-रामानुजगंज के कक्ष में जमा कर सकते हैं। उसी दिन शाम 4:00 बजे निविदाओं को निविदाकारों की उपस्थिति में खोला जाएगा, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
निविदा प्रपत्र प्राप्त करने के लिए विक्रेताओं को 14 मई 2026 को दोपहर 12:30 बजे तक 5000 रुपये का शुल्क जमा करना होगा। यह प्रपत्र जिला कलेक्टर कार्यालय की नाजरात शाखा से उपलब्ध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा के बाद प्राप्त निविदाओं पर विचार नहीं किया जाएगा।
विस्तृत शर्तों और नियमों की जानकारी के लिए इच्छुक पक्ष संयुक्त जिला कार्यालय के सूचना पटल एवं जिले की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।
प्रशासन का कहना है कि इस प्रक्रिया के माध्यम से पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी व्यवस्था के तहत गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर सामग्री की खरीद सुनिश्चित की जाएगी, जिससे शासकीय कार्यों में दक्षता और गति आएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय