मुख्यमंत्री ने ‘विश्वमेला’ विशेषांक और नई वेबसाइट का किया लोकार्पण
गांधीनगर, 30 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने गुरुवार को गांधीनगर में विश्व गुजराती समाज द्वारा प्रकाशित ‘विश्वमेला’ नवसंचार विशेषांक और संस्था की नई अत्यधुनिक वेबसाइट का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विश्वम
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने ‘विश्वमेला’ विशेषांक का लोकार्पण किया


गांधीनगर, 30 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने गुरुवार को गांधीनगर में विश्व गुजराती समाज द्वारा प्रकाशित ‘विश्वमेला’ नवसंचार विशेषांक और संस्था की नई अत्यधुनिक वेबसाइट का लोकार्पण किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विश्वमेला’ विशेषांक गुजराती भाषा, संस्कृति और विश्वभर में बसे गुजरातियों की उपलब्धियों का प्रतिबिंब है। इस विशेषांक में गुजराती समाज के विविध पहलुओं, वैश्विक स्तर पर उनकी सफलताओं और सांस्कृतिक विरासत को समाहित किया गया है। उन्होंने बताया कि नवसंचारित इस सामयिक में अब पाठकों को नए विचार, नई पहल, नए विभाग और विविध विषयों पर उपयोगी जानकारी मिलेगी। साथ ही इसमें युवा, महिला, व्यापारिक वर्ग और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी सामग्री को भी शामिल किया गया है, जिससे यह और अधिक व्यापक और उपयोगी बनेगा।

विश्व गुजराती समाज की नई वेबसाइट के माध्यम से दुनियाभर में बसे गुजरातियों को एक साझा मंच मिलेगा, जिससे आपसी संपर्क और जानकारी का आदान-प्रदान और अधिक सुलभ होगा।

मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गुजराती भाषा और संस्कृति के संरक्षण तथा प्रसार में विश्व गुजराती समाज की भूमिका महत्वपूर्ण है और ऐसे प्रयास गुजरात की वैश्विक पहचान को और मजबूत बनाते हैं। इस दौरान विश्व गुजराती समाज के नवनियुक्त अध्यक्ष भावेश लाखाणी ने संगठन को और सशक्त एवं संगठित बनाने के अपने विजन की जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे