Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवरिया, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में एक गांव में घर के बाहर खेल रही नाबालिग के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने तहरीर के आधार पर बताया कि मईल थाना क्षेत्र के गांव की 12 वर्षीय बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान गांव का ही एक युवक वहां पहुंचा और बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने लगा। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक युवक फरार हो चुका था।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना से सहमी बच्ची ने परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। पीड़िता की मां ने गुरुवार को थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक