Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

आसनसोल, 30 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल के विभिन्न प्रतिष्ठित स्कूलों ने वर्ष 2026 की आईसीएसई (कक्षा 10) और आईएससी (कक्षा 12) बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। इन परिणामों ने न केवल स्कूलों के उच्च शैक्षणिक स्तर को साबित किया है, बल्कि शहर का गौरव भी बढ़ाया है। आसनसोल के इन स्कूलों का उत्कृष्ट प्रदर्शन यह दर्शाता है कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से छात्र बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। इन परिणामों ने न केवल स्कूलों की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है, बल्कि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का कार्य किया है।
सेंट विंसेंट्स हाई एंड टेक्निकल स्कूल का शानदार प्रदर्शन किया। आसनसोल स्थित सेंट विंसेंट्स हाई एंड टेक्निकल स्कूल के छात्रों ने आईसीएसई और आईएससी 2026 बोर्ड परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया। आईसीएसई (कक्षा 10) में कुल 133 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और सभी सफल रहे। इस परीक्षा में सुभाप्रिया गुरु ने 495 अंक (99 प्रतिशत) प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। अद्रीश माझी 493 अंक (98.6 प्रतिशत) के साथ दूसरे स्थान पर रहे। तमोग्ना भट्टाचार्य और अरित्र कुंडू ने 491 अंक (98.2 प्रतिशत) के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। पृथ्विश बनर्जी 490 अंक (98 प्रतिशत) के साथ चौथे स्थान पर रहे, जबकि अनुभब भंडारी 488 अंक (97.6 प्रतिशत) के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
इस परीक्षा में 51 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 29 छात्रों ने 80 से 89 प्रतिशत के बीच अंक हासिल किए और केवल तीन छात्र 60 प्रतिशत से नीचे रहे।
वहीं आईएससी (कॉमर्स) 2026 में कुल 101 छात्र शामिल हुए और सभी छात्र सफल रहे। हार्दी शेठ ने 396 अंक (99 प्रतिशत) के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। जागृत अग्रवाल 394 अंक (98.5 प्रतिशत) के साथ दूसरे स्थान पर रहे। अभिनीत अग्रवाल 391 अंक (97.75 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रहे। सिया संतोरिया 389 अंक (97.25 प्रतिशत) के साथ चौथे स्थान पर रहीं, जबकि औरव ठक्कर 388 अंक (97 प्रतिशत) के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
आईएससी परीक्षा में 32 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 30 छात्रों ने 80 से 89 प्रतिशत के बीच अंक हासिल किए और केवल एक छात्र 60 प्रतिशत से नीचे रहा। इस उत्कृष्ट परिणाम पर स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य रवि वक्टर ने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी।
आसनसोल के लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा तनिष्का साव ने आईएससी 2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 94.25 प्रतिशत अंक हासिल किए। उन्होंने अर्थशास्त्र में 97, अंग्रेजी में 95, वाणिज्य में 94, लेखाशास्त्र में 91 और गणित में 78 अंक प्राप्त किए, जबकि सामाजिक उपयोगी कार्य में उन्हें बी ग्रेड मिला। कॉमर्स की छात्रा होने के बावजूद उन्होंने सभी विषयों में संतुलित और मजबूत प्रदर्शन किया। स्कूल प्रशासन और शिक्षकों ने उनकी इस सफलता को प्रेरणादायक बताते हुए सराहना की।
आसनसोल के सेंट पैट्रिक हायर सेकेंडरी स्कूल ने भी आईसीएसई और आईएससी (साइंस) दोनों परीक्षाओं में 100 प्रतिशत सफलता हासिल की। आईसीएसई परीक्षा में 136 छात्र शामिल हुए और सभी सफल रहे। निरुपम माजी ने 98.8 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि देबांग्शु पालित 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
आईएससी (साइंस) परीक्षा में 96 छात्र शामिल हुए और सभी ने सफलता प्राप्त की। रिधिमा कमानी ने 97.75 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि मित्रानी माजी 97.25 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
स्कूल के प्राचार्य निसेल डी'सूजा ने इस शानदार उपलब्धि पर छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए सभी के सहयोग, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा