Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 30 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लेते हुए मतगणना केंद्रों की संख्या और कम कर दी है। गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से बताया गया कि 294 विधानसभा सीटों के वोटों की गिनती अब 77 केंद्रों पर होगी। आयोग ने जिलावार सूची भी जारी कर दी है, जिसमें प्रत्येक केंद्र का विवरण शामिल है।
गौरतलब है कि 2016 के विधानसभा चुनाव में राज्य में 90 मतगणना केंद्र थे, जबकि 2021 में इनकी संख्या बढ़ाकर 108 कर दी गई थी। हालांकि, 17 अप्रैल को आयोग ने इसे घटाकर 87 किया और अब इसे और कम करके 77 कर दिया गया है। मतगणना से ठीक पहले केंद्रों के पुनर्विन्यास के इस फैसले पर तृणमूल कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने गुरुवार को कहा कि जरूरत पड़ने पर मतगणना केंद्रों की संख्या 77 से भी कम की जा सकती है। उन्होंने कहा, “हम स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं, उसके बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।” इसके अलावा मुख्य चुनाव अधिकारी ने स्ट्रांग रूम को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आशंकाओं को दरकिनार करते हुए कहा कि स्ट्रांग रूम में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी संभव नहीं है। इसलिए ऐसे आरोप बेबुनियाद हैं। वहां की सुरक्षा पूरी तरह चाक चौबंद है।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार, अलीपुरद्वार में एक, बांकुड़ा में तीन, बीरभूम में तीन, कूचबिहार में पांच, दक्षिण दिनाजपुर में दो, दार्जिलिंग में तीन, हुगली में पांच, हावड़ा में चार, जलपाईगुड़ी में दो, झाड़ग्राम में एक, कालिम्पोंग में एक, कोलकाता में पांच (उत्तर में एक, दक्षिण में चार), मालदा में दो, मुर्शिदाबाद में पांच, नदिया में चार, उत्तर 24 परगना में सात, पश्चिम बर्धमान में दो, पश्चिम मेदिनीपुर में तीन, पूर्व बर्धमान में चार, पूर्व मेदिनीपुर में चार, पुरुलिया में तीन, दक्षिण 24 परगना में छह और उत्तर दिनाजपुर में दो मतगणना केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
कोलकाता के 11 विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती पांच केंद्रों पर होगी, जिनमें बाबा साहेब अंबेडकर एजुकेशन यूनिवर्सिटी, बालीगंज गवर्नमेंट हाई स्कूल, नेताजी इंडोर स्टेडियम, शखावत मेमोरियल स्कूल और सेंट थॉमस बॉयज़ स्कूल शामिल हैं।
राज्य में सबसे अधिक विधानसभा सीटें उत्तर 24 परगना जिले में हैं, जहां 33 सीटों की मतगणना आठ केंद्रों पर होगी। इनमें बारासात गवर्नमेंट कॉलेज एंड हाई स्कूल, बसिरहाट हाई स्कूल, बसिरहाट पॉलिटेक्निक कॉलेज, बिधाननगर कॉलेज, बनगांव का दीनबंधु महाविद्यालय, पानीहाटी का गुरुनानक कॉलेज परिसर और बैरकपुर का राष्ट्रगुरु सुरेंद्रनाथ कॉलेज शामिल हैं।
दक्षिण 24 परगना की 31 सीटों के वोट छह केंद्रों पर गिने जाएंगे, जिनमें जादवपुर का एपीसी रॉय पॉलिटेक्निक कॉलेज, कैनिंग का बंकिम सरदार कॉलेज, डायमंड हार्बर महिला विश्वविद्यालय, अलीपुर का बिहारीलाल कॉलेज, हेस्टिंग्स हाउस कॉम्प्लेक्स और काकद्वीप का सुंदरबन महाविद्यालय शामिल हैं।
इसके अलावा, अलीपुरद्वार की पांच सीटों की गिनती अलीपुरद्वार विश्वविद्यालय में, जलपाईगुड़ी की सात सीटों की गिनती दो केंद्रों—उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के दूसरे परिसर और परिमल मित्र स्मृति महाविद्यालय में, कालिम्पोंग की एक सीट की गिनती स्कॉटिश यूनिवर्सिटीज मिशन इंस्टीट्यूशन में और झाड़ग्राम की चार सीटों की गिनती रानी इंदिरा देवी सरकारी स्कूल में की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय