Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बिना मानचित्र स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण पूर्णतः अवैध एवं दंडनीय: उपाध्यक्ष एमडीए
मुरादाबाद, 29 अप्रैल हि.स.)। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम द्वारा प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह के निर्देशन में बुधवार शाम को जाकिर हुसैन के द्वारा ग्राम बगड़पुर की मढ़ैया, मुरादाबाद में लगभग 400 वर्ग मीटर क्षेत्र में किए जा रहे अवैध निर्माण को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम द्वारा सील किया गया। उक्त स्थल पर निर्माण कार्य बिना मानचित्र स्वीकृति एवं प्राधिकरण की अनुमति के पाया गया, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने बताया कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माण, अनधिकृत विकास एवं बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे कार्यों के विरुद्ध निरंतर प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। बिना मानचित्र स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण पूर्णतः अवैध एवं दंडनीय है। ऐसे मामलों में सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
एमडीए वीसी ने जनहित में अपील की कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण समस्त नागरिकों से अनुरोध करता है कि किसी भी निर्माण कार्य से पूर्व मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें तथा विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करें।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल