Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीवान, 27 अप्रैल (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान की क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड टीम ने सोमवार को गाड़ी संख्या 02570 नई दिल्ली–दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस में सघन निगरानी के दौरान लावारिस विदेशी शराब बरामद की। यह कार्रवाई दिनांक वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के आदेशानुसार की गई।
निरीक्षक ट्रेन स्कॉर्ट गोरखपुर एवं प्रभारी निरीक्षक सीवान के नेतृत्व में टीम ने कोच संख्या बी-3 में जांच के दौरान शौचालय के समीप एक पिठू बैग को संदिग्ध अवस्था में पाया तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब रखी मिली, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। जब्त शराब में 750 एमएल की 08 बोतल रॉयल स्टैग, 180 एमएल की 13 बोतल आफ्टर डार्क ब्लू तथा 180 एमएल की 18 बोतल ऑफिसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की शामिल है।
बरामद कुल 11.58 लीटर शराब की कीमत लगभग 8,560 रुपये आंकी गई है। बरामदगी के बाद अज्ञात के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई हेतु उत्पाद विभाग सीवान को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच उत्पाद विभाग के अधिकारी सउनि सत्येंद्र कुमार राय द्वारा की जा रही है। इस कार्रवाई में एसआईपीएफ अशोक कुमार सिंह, एएसआई शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, अरविन्द कुमार, नीरज पाण्डेय एवं जगत पाल यादव शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma