सूरत में नाबालिग से छेड़छाड़ पर देर रात बवाल, गुस्साई भीड़ ने पुलिस स्टेशन घेरा, लाठीचार्ज के बाद हालात काबू में
सूरत, 25 अप्रैल (हि.स.)। सूरत शहर के अलथाण इलाके में नाबालिग से छेड़छाड़ की घटना के बाद देर रात भारी हंगामा हो गया। घटना से नाराज परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में अलथाण पुलिस स्टेशन पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई क
नाबालिग से छेड़छाड़ पर बवाल, पुलिस स्टेशन का घेराव


नाबालिग से छेड़छाड़ पर बवाल, पुलिस लाठीचार्ज


सूरत, 25 अप्रैल (हि.स.)। सूरत शहर के अलथाण इलाके में नाबालिग से छेड़छाड़ की घटना के बाद देर रात भारी हंगामा हो गया। घटना से नाराज परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में अलथाण पुलिस स्टेशन पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार सूरत के अलथाण इलाके में मंगलवार रात 12 वर्षीय पाटीदार समाज की बच्ची से छेड़छाड़ की घटना के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया। बच्ची जब एटलांटा मॉल स्थित ट्यूशन से घर लौट रही थी, इसी दौरान एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। बच्ची के चिल्लाने पर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपित को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने पुलिस के आने से पहले आरोपित की जमकर पिटाई कर दी। 112 कंट्रोल रूम की टीम पहुंचने के बाद भी भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ और लोगों ने आरोपित को पुलिस वैन से बाहर निकालकर फिर से मारपीट की।

सुरक्षा कारणों से आरोपित शेख अजीज को बाद में पांडेसरा पुलिस स्टेशन शिफ्ट किया गया। उसे मेडिकल जांच के लिए नई सिविल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह मूल रूप से बारडोली का रहने वाला है और पेशे से डिजाइनर है।

घटना की जानकारी फैलते ही पाटीदार समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। वराछा, कतारगाम, कापोदरा और सरथाणा जैसे इलाकों से समाज के लोग और सरदार पटेल ग्रुप के सदस्य मौके पर पहुंचे। करीब 3 किलोमीटर के दायरे में 4 हजार से अधिक लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई।

भीड़ ने अलथाण पुलिस स्टेशन का घेराव कर आरोपित का जुलूस निकालने की मांग की और जमकर नारेबाजी की। मौके पर विधायक मनु पटेल भी पहुंचे और लोगों को शांत करने की कोशिश की। स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया और आसपास के थानों की पुलिस भी बुलाई गई।

हालात उस समय बिगड़ गए जब सैकड़ों लोग पुलिस स्टेशन के अंदर घुस गए। समझाने के बावजूद भीड़ काबू से बाहर होती देख पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। पूरी रात वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर डटे रहे।

सूरत की डीसीपी निधि ठाकुर ने बताया कि पीड़िता के परिजनों और क्लास टीचर की मौजूदगी में शिकायत दर्ज कर ली गई है और आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे