Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर, 25 अप्रैल (हि.स.)। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शनिवार को जिले में जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए प्रभात फेरी एवं जागरूकता रथ को रवाना किया गया।
इस दौरान लोगों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
जिला भीबीडी पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार यादव ने बताया कि जागरूकता और मच्छरों से बचाव ही मलेरिया से बचने का सबसे आसान उपाय है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने आसपास जल जमाव न होने दें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अभय कुमार यादव ने की। इस दौरान जिला भीबीडी सलाहकार डॉ. गणेश कुमार यादव के साथ संयुक्त रूप से प्रभात फेरी और जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
यह रैली पुराना सदर अस्पताल परिसर से शुरू होकर आर मित्रा प्लस टू स्कूल, थाना रोड, बिग बाजार, बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशन रोड, दीनबंधु स्कूल चौक, राय एंड कंपनी मोड़ होते हुए टावर चौक मेन बाजार से पुनः सदर अस्पताल परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में एनएमटी स्कूल की छात्राएं, शिक्षक एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस दौरान “बरसात का मौसम आने वाला है, सावधान हो जाएं”, “अपने आसपास जल जमाव न होने दें”, “पानी जमा होगा जहां, मच्छर पनपेंगे वहां” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मलेरिया की रोकथाम के लिए सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शपथ ग्रहण कराया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy