Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 25 अप्रैल (हि.स.)। पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र के कधवन गांव में नेशनल हाईवे पर स्कूली बच्चों को बस में बैठा रहे एक खलासी को एक हाइवा ने रौंद दिया।
इस घटना में स्कूली बच्चे बाल बाल बच गए। मृतक की पहचान रेहला निवासी 60 वर्षीय नूर मोहम्मद के रूप में हुई है। घटना शनिवार सुबह हुई।
जानकारी के अनुसार कधवन गांव में स्कूल बस लगी हुई थी और बच्चे उसमें चढ़ रहे थे। बस में नूर मोहम्मद बच्चों को बैठा रहे थे।
अचानक पीछे से एक हाइवा वहां आया बस को टक्कर मारते हुए नूर मोहम्मद को चपेट में ले लिया। नूर मोहम्मद की मौके पर मौत हो गई। हालांकि इसके बाद भी उन्हें एमएमसीएच में लाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। नूर मोहम्मद पिछले 7-8 साल से स्कूल बस में खलासी का काम कर रहे थे। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। उन्होंने जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से उचित मुआवजा की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर रेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे के नीचे फंसी नूर मोहम्मद के शव को बाहर निकाला। सभी गाड़ियों को हाईवे से हटाया और परिचालन सुचारू कराया। घटनास्थल पर कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार