Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर, 24 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जयपुर मोड़ के पास गुरुवार देर रात एक 26 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय राजन कुमार लाल के रूप में हुई है, जो रिखिया थाना क्षेत्र के बिहाई गांव का निवासी था। वह दिनेश लाल का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, राजन गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह जयपुर मोड़ स्थित अपनी बहन के घर जा रहा है।
रात करीब 11 बजे परिवार को सूचना मिली कि राजन को गोली मार दी गई है और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल में राजन का शव स्ट्रेचर पर पड़ा मिला, जिसे देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के साले राहुल कुमार और अन्य चश्मदीदों के अनुसार, वे लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में जयपुर मोड़ के पास चाय पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन से कुछ हमलावर वहां पहुंचे और बिना किसी बहस या विवाद के सीधे राजन के सीने में गोली दाग दी।
गोली लगते ही राजन जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर घटना के बाद अपनी पिस्टल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। यह बात पुलिस जांच में भी सामने आई है। घटनास्थल से पिस्टल बरामद होने की सूचना है, जिससे पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
मृतक के पिता दिनेश लाल ने मोहनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
पुलिस ने पूछताछ के लिए दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। साथ ही आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy