Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 24 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान पक्षपात और स्थानीय तत्वों से कथित सांठगांठ के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए हिंगलगंज थाना के प्रभारी अधिकारी (ओसी) संदीप सरकार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया है।
आयोग ने गुरुवार को राज्य सरकार को भेजे पत्र में कहा है कि हिंगलगंज थाना के ओसी संदीप सरकार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी तुरंत शुरू की जाए। आयोग के अनुसार चुनाव के दौरान निष्पक्ष माहौल बनाए रखने में लापरवाही और पक्षपात के आरोपों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आयोग ने निर्देश दिया है कि इस आदेश को तुरंत लागू किया जाए और इसकी अनुपालन रिपोर्ट 24 अप्रैल को सुबह 11 बजे तक आयोग को भेजी जाए।
साथ ही राज्य सरकार से कहा गया है कि हिंगलगंज थाना के ओसी पद पर उत्पन्न रिक्ति को भरने के लिए जल्द से जल्द नया प्रस्ताव आयोग को भेजा जाए।
इस संबंध में पत्र की प्रति पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और राज्य के डीजी एवं आईजी को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता