Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नाहन, 19 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) सिरमौर के 10वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में कुल 340 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। गरिमामय और अनुशासित माहौल में आयोजित इस समारोह में टाटा ट्रस्ट्स के सीईओ सिद्धार्थ शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष अजय एस. श्रीराम ने की। शैक्षणिक प्रोसेशन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में संस्थान की मजबूत शैक्षणिक परंपरा और उपलब्धियों की झलक देखने को मिली।
इस वर्ष 215 एमबीए, 49 एमबीए (टूरिज्म मैनेजमेंट), 17 एमबीए (टीटीएचएम), 31 एग्जीक्यूटिव एमबीए, 18 एग्जीक्यूटिव एमबीए (डीटीए), 8 पीजीपीईएक्स-एलएसएम प्रतिभागियों और 2 पीएचडी शोधार्थियों को डिग्रियां दी गईं। शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए केशव जसवाल को चेयरमैन गोल्ड मेडल और यश मुनोट को डायरेक्टर गोल्ड मेडल देकर सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा वित्त में गोविंद गर्ग और मार्केटिंग में प्रथम केडिया को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। एग्जीक्यूटिव कार्यक्रमों में कुणाल गुप्ता और गुंजन कपूर को शीर्ष सम्मान मिला, जबकि एमबीए (टूरिज्म मैनेजमेंट) में एक्कुस बीर सिंह आहूजा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
संस्थान के निदेशक डॉ. प्रफुल्ल वाई. अग्निहोत्री ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान संस्थान ने शैक्षणिक कार्यक्रमों, अनुसंधान, वैश्विक सहयोग और प्लेसमेंट के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने बताया कि संस्थान एमबीए, पर्यटन प्रबंधन, टीटीएचएम, पीएचडी, बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज और विभिन्न एग्जीक्यूटिव कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और मूल्य-आधारित शिक्षा दे रहा है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्लेसमेंट भी अच्छा रहा। लगभग 220 कंपनियों ने अंतिम प्लेसमेंट में भाग लिया और 250 से अधिक नौकरी के प्रस्ताव दिए गए। औसत पैकेज 15.9 लाख रुपये और अधिकतम पैकेज 30 लाख रुपये प्रतिवर्ष दर्ज किया गया। संस्थान ने जर्मनी, फ्रांस और मॉरीशस के संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान मजबूत की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर