Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फर्रुखाबाद, 19 अप्रैल( हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के लिए 10 यात्रियों के दल को विधिवत मंत्रोच्चार के बीच माल्यार्पण कर वाहनों से लखनऊ के लिए रवाना किया। इस अवसर पर वातावरण श्रद्धा एवं उत्साह से परिपूर्ण रहा।
जिलाधिकारी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने यात्रियों से अनुशासन एवं मर्यादा का पालन करते हुए यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।
लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालुओं को एकत्रित कर विशेष ट्रेन के माध्यम से सोमनाथ के लिए रवाना किया जाएगा। यह यात्रा शासन की महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य प्रदेशवासियों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों से जोड़ना है। जनपद फर्रुखाबाद से इस यात्रा में सम्मिलित होने वाले यात्रियों में त्रिलोकी नाथ वर्मा, चेतन भारती, शांति, सुरेंद्र कुमार पांडेय, राकेश कुमार सारस्वत, यतीन्द्र प्रकाश दुबे, निहारिका पटेल, पं. अजय पाल, राकेश एवं अंकुर कुमार कश्यप शामिल हैं। यात्रा दल की नोडल अधिकारी सहायक आयुक्त उद्योग सोनाली सिंह को नामित किया गया है, जो सम्पूर्ण यात्रा के दौरान समन्वय एवं व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा के सफल संचालन की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar