Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के कैलहट स्थित हॉस्पिटल के पास रविवार शाम करीब सवा चार बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
धौहां गांव निवासी रामप्रसाद (55) और रविचंद अपाचे बाइक से नारायणपुर से चुनार की ओर आ रहे थे। वहीं मड़ई पर निवासी आशीष मौर्य अपने साथी के साथ स्प्लेंडर बाइक से परसोधा की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण दोनों बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में सभी सवार घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर वाराणसी भेजा गया। रामप्रसाद, रविचंद और आशीष को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में रामप्रसाद और रविचंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार ले जाया गया, जहां से दोनों को ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया। उपचार के दौरान रामप्रसाद की मौत हो गई।
कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल रामप्रसाद की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा