Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हाथरस, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में मिशन शक्ति टीम ने क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की की शादी रुकवा दी। टीम ने सगाई समारोह में पहुंचकर विवाह की तैयारियां रुकवाईं और परिजनाें काे समझाया बुझाया। इसके बाद टीम उसे अपने साथ ले गई।
लखनऊ स्थित मिशन शक्ति 181 डायल पर दूल्हे पक्ष के एक रिश्तेदार ने नाबालिग की शादी की सूचना दी थी। इस जानकारी को गंभीरता से लेते हुए टीम तुरंत सक्रिय हुई और मौके पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले कार्यक्रम को रुकवाया और लड़की की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच में लड़की नाबालिग पाई गई। कानूनी प्रक्रिया के तहत टीम ने लड़की को अपने साथ ले लिया। इस दौरान परिजनों से पूछताछ की गई और उन्हें बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
बताया गया कि लड़का और लड़की दोनों सादाबाद क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं। परिवारों की सहमति से विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप कर संभावित बाल विवाह को रोक दिया। मिशन शक्ति टीम ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों को रविवार को बुलाया गया है। इस दौरान लड़का और लड़की की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी। साथ ही, उन्हें बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी पहलुओं के बारे में जागरूक करने के लिए काउंसलिंग भी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना