Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कठुआ, 19 अप्रैल (हि.स.)। अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भू-विज्ञान एवं खनन विभाग कठुआ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के तीन ट्रकों को जब्त किया है। ये ट्रक बीती रात रावी नदी से अवैध रूप से खनिज सामग्री निकालने में संलिप्त पाए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कीढ़ियां गंड्याल क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिलने पर जिला खनन अधिकारी (डीएमओ) वरिंदर सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर छापेमारी की। इस दौरान तीन ट्रक विभाग के नियमों का उल्लंघन करते हुए खनिज उठाते हुए पकड़े गए। जांच के दौरान ट्रक चालकों द्वारा प्रस्तुत किए गए ‘ए-फॉर्म’ भी फर्जी पाए गए। विभाग ने मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त किए गए सभी ट्रकों को पुलिस थाना कठुआ के सुपुर्द कर दिया गया है और विभाग द्वारा जुर्माना वसूलने तक इन्हें हिरासत में रखा जाएगा। यह पूरी कार्रवाई उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा के दिशा-निर्देशन में की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया