Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू 19 अप्रैल (हि.स.)। युवा राजपूत सभा (वाईआरएस) ने महान डोगरा योद्धा मियां डीडो की जयंती पर उनके जन्मस्थल पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित की। मियां डीडो जी स्थान समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर वीर योद्धा के साहस और बलिदान को नमन किया। वाईआरएस की टीम ने पूर्व अध्यक्ष एवं कोर कमेटी सदस्य राजन सिंह हैप्पी के नेतृत्व में कार्यक्रम में भाग लिया। उनके साथ पुष्विंदर सिंह, अवतार सिंह कुल्लू, सुमित ठाकुर और भानु प्रताप सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मियां डीडो को पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, अन्याय के खिलाफ संघर्ष और न्याय के प्रति समर्पण को याद किया। वक्ताओं ने उन्हें डोगरा गौरव, स्वाभिमान और प्रतिरोध का प्रतीक बताते हुए उनकी वीरता और बलिदान को प्रेरणादायक बताया। अपने संबोधन में राजन सिंह हैप्पी ने कहा कि मियां डीडो केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि डोगरा समाज के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने और अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर खड़े रहने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी कहा कि डोगरा समुदाय के योगदान के बावजूद उन्हें उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में अपनी सांस्कृतिक पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक और संगठित रहना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मियां डीडो के आदर्शों पर चलने, न्याय और स्वाभिमान की रक्षा करने तथा डोगरा पहचान को सशक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा