एमएमआरडीएमें टेंडर घोटालाः अनिल परब
Tender Scam in MMRDA: Anil Parab
एमएमआरडीएमें टेंडर घोटालाः अनिल परब


मुंबई,19 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) की टेंडर प्रक्रिया में शिवसेना (यूबीटी)के नेता अनिल परब ने बड़े पैमाने पर घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने विक्रोली फुट ओवर ब्रिज और अटल सेतु परियोजना में फाइबर ऑप्टिक टेंडर में अनियमितता व चहेती कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए बार-बार डेडलाइन बढ़ाने का आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

अनिल परब ने टेंडरों में मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे एमएमआरडीए को भारी वित्तीय घाटा हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि 90 करोड़ रुपये के लागत वाली विक्रोली ब्रिज परियोजना से 8 में से 6 बोलीदाताओं के पीछे हटने के बाद भी टेंडर प्रक्रिया परअमल किया गया. इसी तरह अटल सेतु फाइबर टेंडर प्रक्रिया में फरवरी के बाद से 8-10 बार डेडलाइन बढ़ाई गई और एक विशेष फर्म को ठेका देने की कोशिश की गई।

अनिल परब ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी पाई गई है। जनवरी 2026 के बाद 3 से अधिक बार विस्तारित सभी निविदाओं के विवरण और बोलीदाताओं की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो लोकायुक्त और केंद्रीय सतर्कता आयोग में शिकायत की जाएगी। उन्होंने इस मामले को मानसून सत्र में उठाने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार