Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किशनगंज, 19 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में नए मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी के पदभार संभालने के बाद जिले में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में शनिवार रात एक संदिग्ध मामले में त्वरित कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात करीब 8 बजे एक लाल रंग की थार गाड़ी में सवार तीन लोग किशनगंज के खगड़ा स्थित एसडीपीओ कार्यालय परिसर में पहुंचे। गाड़ी से उतरकर तीनों सीधे एसडीपीओ कार्यालय के अंदर चले गए, जिससे स्थिति संदिग्ध प्रतीत हुई। मामले की सूचना मिलते ही किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। SP के निर्देश पर SDPO-2 मंगलेश कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों संदिग्ध व्यक्तियों के साथ थार वाहन को हिरासत में लेकर सदर थाना ले आए। वहां सभी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान मोहम्मद हबीब निवासी दौला, किशनगंज, सौदागर, थार चालक, निवासी पूर्णिया तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है। एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार सिंह ने बताया कि तीनों से गहन पूछताछ की जा रही है।
शुरुआती पूछताछ में पूर्व एसडीपीओ गौतम कुमार की ओर से बताया गया कि कार्यालय में लगा एयर कंडीशनर उनका निजी था और उसे हटाने के लिए लोग पहुंचे थे। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी सरकारी कार्यालय से उपकरण हटाने की अनुमति निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही दी जाएगी।गौरतलब है कि इससे पहले आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) पटना द्वारा पूर्व एसडीपीओ गौतम कुमार से जुड़ी कथित अवैध संपत्ति मामले की जांच भी जारी है। ऐसे में इस घटना को जांच से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह