Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिले के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सुपौल से नई दिल्ली के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
इस ट्रेन का नंबर 04071/04072 रखा गया है। रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 04071 सुपौल–नई दिल्ली समर स्पेशल एक्सप्रेस सुबह 7:45 बजे सुपौल स्टेशन से प्रस्थान करेगी और लंबी दूरी तय करते हुए तीसरे दिन दोपहर 3:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
वहीं वापसी में 04072 नई दिल्ली–सुपौल समर स्पेशल यात्रियों को दिल्ली से सुपौल तक लाएगी। यह ट्रेन मार्ग में कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे कोसी और मिथिलांचल क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली जाने में काफी सुविधा मिलेगी। समर सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने सुपौल से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने पर खुशी जताई है और इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस समर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र