Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू 19 अप्रैल (हि.स.)। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर बावा कैलख देव मंदिर में एक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर में स्थापित भगवान परशुराम की मूर्ति के समक्ष विशेष पूजा-अर्चना के उपरांत विधिवत हवन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक कमेटी के प्रधान शक्ति दत्त शर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए समाज में जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को अपने धर्म और संस्कृति के प्रति सजग रहना चाहिए तथा सत्संग और धर्मग्रंथों के अध्ययन से जुड़ना चाहिए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने समाज में एकता बनाए रखने और कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक मूल्यों और परंपराओं को सशक्त बनाकर ही समाज को सुदृढ़ किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर प्रभाकर शास्त्री, सुनील राका, रिंकू चौधरी, शिव कुमार गुप्ता, विजय गुप्ता, साहिल सेठ और केवल कृष्ण शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा