Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

आसनसोल, 19 अप्रैल (हि. स.)। पांडबेश्वर में चुनावी गर्मी अपने चरम पर है, लेकिन रविवार को तेज धूप में भी टॉलीवुड अभिनेत्री श्राबंती चटर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के समर्थन में भव्य रोड शो किया। जिसने पूरे इलाके का माहौल बदल दिया।
गाइघाटा मोड़ से हरिपुर बाजार तक निकले इस रोड शो में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सड़क के दोनों किनारों पर खड़े लोगों का जनसैलाब ऐसा लग रहा था मानो कोई विजय जुलूस हो। ‘खेला होबे’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और कई किलोमीटर तक का रास्ता मानो थम सा गया। घरों की छतों और बालकनियों से लोग अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए जुटे नजर आए।
श्राबंती चटर्जी का आकर्षण और उम्मीदवार नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती की जनसंपर्क रणनीति का असर साफ दिखाई दिया। हूड-खुली जीप में खड़े होकर अभिनेत्री मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन करती रहीं, जबकि समर्थक उन्हें देखने और सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए। इस दौरान सड़क किनारे खड़े लोगों पर फूलों की वर्षा भी की गई। जैसे ही जुलूस हरिपुर बाजार पहुंचा, वह एक विशाल जनसमूह में बदल गया। तृणमूल के कार्यकर्ता और समर्थक रंग-अबीर के साथ जश्न में डूबे नजर आए।
इस जनसैलाब ने पांडबेश्वर में एक बार फिर ‘जोड़ाफूल’ के पक्ष में माहौल बनने के संकेत दिया हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा