Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के समयपुर बादली इलाके में 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने छह नाबालिग आरोपितों को पकड़ा है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह आपसी रंजिश और कथित आपत्तिजनक टिप्पणी थी।
बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने रविवार को बताया कि 14 अप्रैल की शाम करीब 7:44 बजे समयपुर बादली थाने को सूचना मिली कि एमसीडी कॉलोनी में एक युवक को चाकू मार दिया गया है। घायल युवक की पहचान राजीव (19) के रूप में हुई, जो पेशे से टेंपो चालक था। उसे तुरंत शालीमार बाग स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में पता चला कि विवाद की शुरुआत 13 अप्रैल को हुई थी, जब कुछ स्थानीय युवक मृतक के घर के पास इकट्ठा हुए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। अगले दिन 14 अप्रैल की शाम करीब 7:30 बजे वही युवक दोबारा इलाके में पहुंचे और झगड़ा बढ़ गया। इसी दौरान आरोपितों ने राजीव पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह नाबालिग आरोपितों को पकड़ लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपित और उसकी दादी का एक दिन पहले मृतक और उसके परिवार से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान बुजुर्ग महिला के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी और इशारे किए गए, जिससे आरोपित भड़क गया और अपने साथियों के साथ मिलकर बदले की नीयत से हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपितों को कानून के प्रावधानों के तहत पकड़ा गया है और मामले में आगे की जांच जारी है। साथ ही अन्य संभावित आरोपितों की तलाश में भी पुलिस की टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी