Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर सेंट्रल जेल में रविवार सुबह टावर ड्यूटी पर तैनात एक आरएसी जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आरएसी 10वीं बटालियन के कांस्टेबल गिरधारी लाल (38) निवासी कुशलपुरा जमवारामगढ़ जयपुर ग्रामीण के रूप में हुई है।
थानाधिकारी प्रकाश राम विश्नोई ने बताया कि गिरधारी लाल की ड्यूटी सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक टावर नंबर-2 पर थी। वह सुबह मेस से खाना खाकर ड्यूटी पर पहुंचे थे। करीब 11 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद जेल स्टाफ मौके पर पहुंचा। जवान टावर के पास बने अस्थाई बैरक के पास लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जवान को तुरंत सवाई मानसिंह अस्पताल जयपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
थानाधिकारी प्रकाश राम विश्नोई ने बताया कि जवान के सीने में सर्विस राइफल से गोली लगी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली उसकी ही सर्विस राइफल से चली। पुलिस दो एंगल से मामले की जांच कर रही है। एक संभावना यह जताई जा रही है कि जवान ने राइफल को जमीन पर टिकाकर बैरल को सीने पर लगाकर ट्रिगर दबाया, जिससे गोली सीधे सीने में लगी। वहीं दूसरी ओर यह भी आशंका है कि राइफल की सफाई के दौरान हादसतन गोली चल गई हो।
डिप्टी एसपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या का मामला है या हादसा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश