पाश मशीन अपडेट नहीं, खाद लेने किसान हो रहे परेशान
धमतरी, 19 अप्रैल (हि.स.)। खाद की कालाबाजारी समेत अन्य अव्यवस्थाओं को दुरूस्त करने शासन स्तर से नया साफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है, ऐसे में जिलेभर के सभी सोसायटियों से किसानों को खाद वितरण फिलहाल बंद कर दिया गया है। पाश मशीन में साफ्टवेयर अपडेट होने
पाश मशीन। फाईल


धमतरी, 19 अप्रैल (हि.स.)। खाद की कालाबाजारी समेत अन्य अव्यवस्थाओं को दुरूस्त करने शासन स्तर से नया साफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है, ऐसे में जिलेभर के सभी सोसायटियों से किसानों को खाद वितरण फिलहाल बंद कर दिया गया है। पाश मशीन में साफ्टवेयर अपडेट होने के बाद ही खाद वितरण शुरू होने की संभावना है। हर साल किसान अपै्रल माह में खरीफ खेती-किसानी के लिए सोसायटियों से खाद खरीदकर घरों में स्टाक करते हैं, लेकिन इस साल खाद वितरण शुरू नहीं होने से उनमें नाराजगी है। साथ ही उन्हें खाद वितरण शुरू होने का इंतजार है।

जिले के धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी ब्लाक के करीब सवा लाख किसान सोसायटियों से जुड़े हुए है, जिन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिलता है। इनमें से छोटे-बड़े अधिकांश किसान खरीफ खेती-किसानी के लिए खाद की खरीदी सोसायटियों से ही करते हैं, लेकिन इस साल शासन स्तर से अब तक खाद वितरण सोसायटियों में शुरू नहीं हुआ है, क्योंकि खाद की कालाबाजारी समेत वितरण में अव्यवस्थाओं व खुले बाजार में खाद के दाम में मुनाफाखोरी को दुरूस्त करने शासन स्तर से साफ्टवेयर अपडेट किया जा रहा है। पाश मशीन के साफ्टवेयर अपडेट किए जाएंगे, इसलिए शासन स्तर से इस साल खरीफ खेती-किसानी के लिए फिलहाल सोसायटियों से खाद वितरण पर रोक लगाई गई है, इससे किसानों को खाद नहीं मिल पा रहा है। यह बात अलग है कि जिले के सभी सोसायटियों में करीब 15 हजार टन यूरिया, डीएपी समेत अन्य खाद का भंडारण सोसायटियों में हो चुका है।

खाद भंडारण के बाद किसानों को अब खाद वितरण शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है, लेकिन सोसायटियों के पाश मशीन में साफ्टवेयर अपडेट नहीं हुआ है इसलिए खाद का वितरण शुरू नहीं हो पाया है। समय पर खरीफ खेती-किसानी के लिए घरों में खाद स्टाक नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है, क्योंकि हर साल इस समय तक सोसायटियों से किसान खाद की खरीदी कर स्टाक कर लेते हैं, ताकि किसानी के मुख्य सीजन में उन्हें खाद के बढ़े हुए दाम पर खुले बाजार से खाद खरीदने की नौबत न आए। यही वजह है कि किसानों को सोसायटियों से खाद वितरण शुरू होने का इंतजार है। जिला नोडल अधिकारी बीपी गोस्वामी ने बताया कि सोसायटियों को मिले पाश मशीन फिलहाल अपडेट नहीं हुआ है। अपडेट होते ही शासन के निर्देशानुसार किसानों को खाद का वितरण किया जाएगा। वितरण के लिए सोसायटियों में पर्याप्त खाद का भंडारण हो चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा